ए पुरुष तू क्यों अपने, पौरष पर इतराता है !
कोख जब मिलती नारी की, तब इस धरती पर आता है !!
एक नारी अपने जीवन में, अनेकों रूप निभाती है !
बेटी बनती, फिर बनती पत्नी, माँ बन बेटी फिर लाती है !!
नौ महीने कोख में रखकर तुझे, यही नारी जन्म देती है !
दर्द पाती है, बोझ ढोती है, न जाने क्या क्या सहती है !!
क्या तुझे लज्जा नहीं आती, तू इसपर हाथ उठाता है !
कमज़ोर इसे समझता है, मनमानी अपनी चलाता है !!
अपना परिवार चलाने को, चुपचाप सब कुछ झेलती है !
गाली सुनती है, मार खाती है, फिर भी न कुछ कहती है !!
तू अपने ही नशे में धुत है, न परिवार की तुझे, है चिंता !
नारी को अबला बना दिया, यहाँ उसकी कोई नहीं सुनता !!
तूने ऐसा क्या काम किया, जो सीना चौड़ा कर फिरता !
खुद को ही न संभाल सके, कभी यहाँ तो कभी वहाँ गिरता !!
कोई वस्तु नहीं ये जिसको, तू पैसों से खरीद सके !
इसके पास भी एक दिल है, जिसे प्यार से ही तू जीत सके !!
मत इतना तू अत्याचार कर, ये नारी चंडी बन जाए !
इतनी शक्ति है इसमें, तुझ जैसे सैकड़ो हर जाये !!
ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ, कुछ ऐसा चमत्कार कर जाए !
तुझको कुछ दिनों के लिए, नारी का रूप मिल जाए !!
तब तुझको, ये समझ आए, नारी क्या क्या त्याग करे !
इतना कुछ वो सहकर भी, क्यों तेरे नाम की माँग भरे !!
सच्चा पुरुष वही होता, जो नारी का सम्मान करे !
जो नारी को प्रथम समझे, न उसका कभी अपमान करे !!
