चिलचिलाती धूप में तुम
बरसात की तरह आना
मिट्टी हूँ मैं
मुझे बहा नदी में ले जाना।
हमारी इस समंदर तक की यात्रा में
मैं कई बार टूट कर बिखरूँगा
तुम बस मुझे जोड़ती जाना।
राह में कई बार
तुम्हें शांत पाकर
तली में बैठ जाऊंगा मैं
तुम अपनी हिलोरी चाल से
मुझे जगाती जाना।
इस यात्रा में हम
अनगिनत बार मिलेंगे
एक दूजे में
अनंत बार घुलेंगे
तुम बस चलती जाना।
_________
अनुज खर्ब

