सिलवटे पड़ गयी है ज़िन्दगी में,

मानो कोई चला गया हो यहाँ से,

और पीछे छोड़ गया हो अपने निशान,

कि निःशब्द है निशान इस ख़ामोश मंज़र में,

कि हवा अब इस तरफ नहीं आती...


आती है सुबह मैली चादर ओढ़कर,

लेकिन उबासियो-सी उनींद में

छत और ज़मीन अब आँखे नहीं मिलाते,

कुछ तो जाले लग गए है यहाँ...


दीवारे नम है कुछ इस तरह,

कि धूप कई दिनों से नहीं झाँकी यहाँ,

ये देख खिड़की ने भी आँखें मूंद ली,

रात भर करवटे बदलती रहती है यहाँ...


तकिया और गद्दा अब गुफ़्तगू नहीं करते,

दोनों में अब साझा नहीं रहा उस तरह,

मेज कोने में गुमसुम खड़ी है,

कुर्सी ने त्याग दिया है उसे इस तरह..


किताबों को धूल चटा दी गई है,

क्योंकि कलम खड़ी नहीं होना चाहती यहाँ,

पर अलमारी में ज़ंग नहीं लगा,

शायद उसमे अभी भी पेंट बाकी है वहाँ..


अब शाम चाय पर नहीं आती,

लेकिन रात रोज़ आती है यहाँ,

चांदनी की तलाश में,

कि कोई तो उसका घूँघट खोले यहाँ...।


__________

अनुज खर्ब