इक रात का चांद
होले-होले चलती
इठलाती महकती हवा,
दूर कहीं सिमटे
चुपचाप बैठे नींद के बादल।
चांदनी को छुपा
अलसाये हुए शरीर की
अंगड़ाई तोड़ता
उबासियाँ लेता आसमान।
पड़ोस को रोशन करते
सपनों के चकमकाते जुगनू,
और एक लय से ध्वनियों की
सारंगी बजाते मच्छर,
लेकिन इन सबके बीच
अचानक! ख़ामोश क्यों है सब
कोई स्वर सुनाई देता नहीं
जैसे झींगुरों और मेंढकों ने
कुछ न बोलने का प्रण लिया हो
मनुष्य की तो बिसात क्या...?
अब यहाँ मौन साध लिया है प्रकृति ने
मगर सत्य तो यह है
विस्थापन हो चुका है
और आगमन हुआ है उनका
जिसमें प्रकृति ही नितांत अकेली है।
नदी का जल चुपचाप
बढ़ा रहा है कदम धीरे-धीरे
जीवन की उन सुनसान गलियों में
जहाँ पहले मानव का बसेरा था।
कितनी ख़ामोशी से जलमग्न हो रही है
यहाँ से जुड़ी भावनाये
संवेदना हार रही है विकास से
कुछ भी तो सहसा नहीं
सब नियोजित है।
जा चुके है लोग
अपनी यादों की गठडी लिए
अपने मवेशियों के संग
दूर किसी ऐसी भूमि पर
जहाँ कोई इंतज़ार में नहीं
लेकिन कुछ ही दूरी पर
असंख्य घरों से बिजली चमचमा रही है
रोशनी के बल्ब सितारें बने है वहाँ।
शहर चमक रहा है
लेकिन इस पार सब सुनसान है
और हम रोशनियों में खोए
सच है जीवन में
चमकना किसे अच्छा नहीं लगता...।
अनुज खर्ब

