मां! न जाने कितने दिन हो गये
तुझे याद किये
तेरी फोटो को अपने साथ लगाये
कितना मतलबी हो गया हूँ मैं
आज भी अपनी पसन्द की
तस्वीर चुनी है मैंने
सबको बताने के लिये।
भूल गया मैं वे दिन
जब मिट्टी में सने होने पर भी
तूने मुझे सीने से लगाया था।
बिना सवाल किये
अपनी गोदी में
अनगिनत बार सुलाया था।
भूल गया मैं वे दिन
जब मैंने कितनी बार तुझे
रातों को जगाया था।
मेरी हर ज़िद्द को तूने
अपनी चाहत बनाया था।
भूल गया मैं वे दिन
जब मेरे मना करने पर भी
तूने मेरे पीछे-पीछे
दौड़-दौड़ कर खिलाया था।
क्या याद है मुझे..?
मैंने एक ही सवाल को
कितनी बार दोहराया था।
लेकिन मां मतलबी हो गया हूँ मैं आज
मुझे कुछ याद नहीं
न जाने क्यों बड़ा हो गया हूँ मैं...
मां! मतलबी हो गया हूँ मैं...।
_________
अनुज खर्ब

