कुछ तो
हाँ! कुछ तो
तेरे मेरे दरमियां है,
नहीं!नहीं! यह प्रश्न नहीं,
उत्तर भी नहीं,
लेकिन कुछ तो
जो अपना-सा है,
कल्पना नहीं,
लेकिन सपना-सा है।
वही कुछ जो उधड़ गया है,
सवालों के बीच उजड़ गया है।
नहीं! रफ़ू नहीं करना।
हाँ! कुछ जो अनकहा रह गया,
भावनाओं में बह गया,
समेटना नहीं है।
कुछ...हाँ!कुछ
जो रिक्तियों में हैं,
संबंधों की धमनियों में है,
जो अभी भी धड़क रहा है
नहीं! ग्लूकोज़ नहीं देना।
हाँ! कुछ...
जो ट्रॉमा में है,
इमरजेंसी वार्ड में कोमा में है,
नहीं शॉक नहीं देना।
लेकिन कुछ जो जीवित है,
आख़िर से पहले
शायद इस आस में,
कि कुछ होगा,
हाँ! वही कुछ..हो जाये...।
____________
अनुज खर्ब

