आजकल समीक्षा के नाम पर 'अच्छा, बढ़िया, बेहतरीन, ठीक-ठाक, सही, बुरा, बेकार, बकवास इत्यादि शब्दों का प्रयोग हो रहा है और ऐसा लिखकर वे अपने कर्तव्य की इतिश्री कर देते है। कुछ महानुभाव तो एक ख़ास विचारधारा के पोषक और वाहक बन गए है। उनको इसके अलावा सब कुछ खराब लगता है। जो हमारी मानसिकता को प्रभावित तो करता ही है साथ ही साथ कला संसार को भी हानि पहुँचाता है।

        हमारे लिए ये जानना महत्वपूर्ण है कि तटस्थता जो समीक्षा के लिए अनिवार्य है वह आजकल कहाँ लुप्त हो गई है? इसके कारण को अगर हम देखे तो हम पाएंगे कि हम सब आत्मकेंद्रित हो गए है और स्वप्नलोक में जी रहे है तथा हम चाहते ही नहीं कोई हमारी समीक्षा करे क्योंकि हमारे अंदर सुनने का न साहस है और न ही धैर्य। संयम से हम निरंतर दूर होते जा रहे है और हमारी प्रवृत्ति उत्तेजक बनती जा रही है। प्रतिक्रिया की सीमाओं को हम लांघ चुके है और इससे नकारात्मक विचारधारा का ही जन्म होता है। कहने के लिये हम सीखना चाहते है लेकिन उसके लिये प्रयास तथा अभ्यास करना नही चाहते बाकि की कसर समय पूरी कर देता है जो हमारे पास है नहीं। 

       सोशल मिडिया पर फॉलो या लाइक या कमेंट या रिट्वीट के ट्रेंड को देखे तो आप पाएँगे कि ये सिर्फ भेड़चाल है 'इसने मेरा किया तो मैं इसका कर देता हूँ' और हाँ वो करते क्या है ये आपको बताने की आवश्यकता नहीं है। यही कृत्रिम रूप समीक्षा के नाम पर आजकल बड़े धडल्ले से चल रहा है। मुद्दे पर आते है ,वास्तव में समीक्षा गुरु के समान होती है जो हमे तो पोषित और पल्लवित करती है ही साथ ही साथ समाज को भी समृद्ध करती चलती है। समीक्षा अत्यंत गंभीर होनी चाहिए। गंभीर इस मायने में कि वह व्यक्ति, समाज, कला को कुछ दे सके, और उसके व्यक्तित्व विकास के साथ सामाजिक विकास में भी योगदान दे। यह समीक्षा आत्मनिरीक्षण से प्रारम्भ होती है क्योंकि इसी से वह स्वयं का मूल्यांकन कर पाता है। जब हम अपना निरीक्षण करना सीख जाते है तभी हम तटस्थता के साथ दूसरों की समीक्षा कर पायेंगे। इस तरह समीक्षा गुरु की भांति अपने साथ दायित्व भी लाती है जो न केवल पाठक के लिए जरुरी है अपितु कला के लिए भी आवश्यक है।

_________

अनुज खर्ब