---------------------------------------------
"आज़ादी के कई रंग, कौन-सा तुम देखोगे"
---------------------------------------------
रात बहुत हो गयी थी, मन में एक ही बात बार-बार मुझे बेचैन कर रही थी कि ये आज़ादी है क्या? फिर सोचा कमरे में बैठकर आज़ादी थोड़ी समझ आएगी। घर से बाहर निकला तो वहाँ सन्नाटा पसरा पड़ा था, दो-चार कदम बढ़ाये ही थे कि गली के कुत्ते मुझे देख कर जोर-जोर से भौंकने लगे। मेरा मन घबराया और मैं उलटे पाँव सरपट दौड़ घर वापस आ गया। दो-चार मिनट आँख बंद करके गहरी साँसे ली और हाँफता हुआ छत पर गया, सोचा यहाँ खुले आसमान में आज़ादी का मतलब समझ पाउँगा तो मच्छरों ने कहर बरपा दिया। कमबख़्तो ने खून चूस-चूस कर जश्न मनाया और मैं खुजाता हुआ जल्दी से नीचे कमरे में आया और आँख बंद करके पलंग पर लेट गया।
थोड़ी देर बाद जब सुध आई तो फिर वही प्रश्न मेरे आँखों के सामने घूम रहा था। फोन उठाकर इधर-उधर गूगलिंग करने लगा...आज़ादी को लिखकर सर्च करने लगा..तरह-तरह की परिभाषाये वहाँ दिखी लेकिन जो मैं ढूँढ़ रहा था वह कहीं नहीं मिला। अचानक फिर मुझे अपने दोस्त का स्मरण हो आया, सोचा दोस्त से शेयर करू इस कश्मकश को तुरन्त उसे टेक्स्ट किया- सो गए क्या? वहाँ से जवाब आया- हाँ! सोते-सोते जवाब दे रहा हूँ । मैं अपने मूर्खता भरे सवाल पर हँसा। मैंने कहा भाई एक बात पूछनी थी। उसने कहा पूछो..। मैंने कहा कि बहुत दिनों से एक सवाल मेरे मन में बार-बार आता है कि ये आज़ादी क्या है? उसका जवाब आया- रात बहुत हो गई है, 2 बज गये है सुबह बताता हूँ। मैंने थोड़ा रुककर कहा- ओके! और गहरी लम्बी साँस ली...। कल्पना के पंखों से दूर तक पहुँच गया और न जाने कब मैं सोचते-सोचते सो गया।
सुबह आंखें खुली तो सबसे पहले फोन को उठाया। उस पर दोस्त का टेक्स्ट था- गुडमोर्निंग दोस्त, मुझे मेरे घर पर मिलो। मैं फटाफट तैयार होकर वहाँ पहुँचा तो देखा कि मेरा दोस्त अपनी छत पर खड़ा था और उसके हाथ में पिंजड़ा था, जिसमें एक पंछी था। दोस्त ने मेरी तरफ देखा और कहा आओ मित्र। तुरंत पिंजड़ा खोला और उसमें से पंछी को उड़ा दिया और कहा देखो! ये अब आज़ाद है....।फिर थोडा रूककर बोला कि सबके लिए आज़ादी के अलग अलग मायने है जैसे इस पक्षी के लिए यह खुला आकाश... तुम्हारे लिए प्रश्न का उत्तर...और आप सभी के लिये...?
#जयहिंद #जयभारत
अनुज खर्ब

