हम अम्बर में तारे देखते हैं अँधेरी रात में चमकीले, खूबसूरत आज जब मैं आसमान में रहने गया, तो रात को ही मुझे धरती पर भी तारे दिखे वो रौशनी थी मेरी बस्ती की चमकीली, खूबसूरत अब सोचता हूँ कि हम जिन्हें तारे कहते हैं वह भी कहीं बस्ती तो नहीं बादलों में ढँकी कोई? और ये कि ज्यादा खूबसूरत तारे हैं या मेरी बस्ती? और फिर खूबसूरती पास होकर भी हमें इतनी दूर क्यूँ दिखती है? शायद रात मुझे जगाना चाहती है दिन भर की नींद से उठाना चाहती है पर फिर भी मैं सो जाता हूँ हमेशा की तरह और तारों और मेरी बस्ती की खूबसूरत चमक? वो दिन की रौशनी के छल में घुल जाती है हमेशा की तरह.