मैं चलता हूँ
आशा का दीया जलाता
विश्वास के शैलशिखर पर
मगर कई-कई मोड़ लेते रूपाकार
रास्तों की शक्ल बिगड़ती रहती हैं
पाँव के निशान बनते-बनते मिट जाते हैं
मानो मैं कभी चला ही न होऊँ
इसे क्या समझूँ
तक़्दीर का लिखा
या ख़ुद की चूक
जो जाने-अनजाने होती रहती है
मेरी चूकों का इतिहास बड़ा है
तीनों काल के इतिहास से बड़ा
जिसे समझना कठिन है
इस वास्ते चाहिए बड़ा ज़हीन व्यक्ति
जिसकी भूल की फ़ेहरिस्त छोटी न हो
और सफलता का कीर्तिमान बहुत बड़ा
यह एहसास
कि मेरा सोच सही है
प्रत्येक परिणाम का जिम्मेदार मैं हूँ
केवल मैं
यहीं से निर्धारित होती है
सुनिश्चित दिशा
जिस ओर बढ़कर मैं पा सकता हूँ
अपना अभिलषित
कि सूरज उगने से होता नहीं सवेरा
जब जागो होता तभी सवेरा

