सिर पर जिनके मुकुट  हिमालय,

पद-पद पर यहां दिखे शिवालय,

हर हिंसा से दग्ध हुए को मिला जहां पर है आश्रय,

भारत मां तेरी जय जय,


महासागर तेरे चरण पखारे,

ज्ञानी बसते द्वारे-द्वारे,

नष्ट भ्रांति हो,विश्व शांति हो,

यही रहे सबका आशय,

भारत मां तेरी जय जय,


धात्री तू अतुलित वीरों की,

हिमवान से मतिधीरों की,

रण में अरिदल का भंजन कर जो करते है सबको निर्भय,

भारत मां तेरी जय जय,


गांधी-गौतम की यह धरा है,

कण कण में बलिदान भरा है,

मानवता को राह दिखाई, नहीं कोई इसमें संशय,

भारत मां तेरी जय जय