हर मन त्रिशंकु है;

पर हर मन नचिकेता क्यों नहीं,

इस सवाल का जवाब ढूंढे नहीं मिलता।


जब बीच रात,

मन निशाचर हो भटके,

और याद उन प्रेमियों की आए,

जिन्होंने तुम्हे त्रिशंकु कर छोड़ा,

तब जवाब ढूंढने निकलो -

कि कहीं कोई नचिकेता

ज़िंदा हो कहीं।


यार ...

जीवन प्रतिपल

कविता के छंदों में

रस की तलाश ही तो है।

जो हो न रहा हो

उसे कर पाने की ज़िंदा आस ही तो है।

फिर आप नचिकेता हों या त्रिशंकु;

जीवन सार्थक करने के अलावा कोई विकल्प है कहाँ?


इस पल का त्रिशंकु,

अगले पल

नचिकेता हो जाने को भागता क्यों है,

इसका कोई जवाब कभी ढूंढे मिलता कहाँ है।