थोड़ा मुश्किल पड़ता है
बदतर से बेहतर हो जाना
मुश्किल तो है बेहतर होकर
आगे और निखरते जाना
धूप भी देखी, छांव भी देखी
नदिया, झीलें, नाव भी देखी
मुश्किल नहीं है नदियों और
सागर के उस पार जाना
मुश्किल पड़ता है लहरों से
आंख मिलाना, डूबते जाना
बड़ा ही लंबा सफर है यारो
नामुमकिन से मुमकिन का
मिले मिले तो मिल जाए सही
मिले मजा बस पल छिन का
मुश्किल नहीं है पर्वत पर
चढ़कर झंडे को लहराना
मुश्किल तो है उस पर्वत से
सही सलामत वापिस आना
कई दफा तो हमने खुद को
गिरते उठते देखा है
टेढ़ी-मेढ़ी राहों पर ही
चलकर हमने सीखा है
इतना मुश्किल काम नहीं
मंजिल को पाना, खुशी मनाना
मुश्किल है गिर कर उठ जाना
चलते जाना, चलते जाना

