मेरे चिंतन, मेरे मनन का मंत्र है वो

मेरे भजन, मेरे सृजन का यंत्र है वो

वो कल्पना में मेरी है, मेरा ही रूप

यथार्थ के धरातल में स्वतंत्र है वो


हो स्वयं से स्वर उदय वो गीत रहूँगी

प्रेम प्रण नहीं भावना से मीत रहूँगी

स्वतंत्र रहूँगी केवल निर्वाण तक मैं

हाँ, गोलोक में कान्हा की प्रीत रहूँगी


बंधन देह का तो क्षणिक है, नश्वर है

मन से सम्बन्ध अमरता का अवसर है

अब भूलोक हो, स्वर्ग या वैकुंठ चाहे

दो आत्माओं के मिलन का परिसर है


कामना को चेतना में परिवर्तित कर दिया

प्रियतमा तुमने प्रेम को गर्वित कर दिया

दोनों केवल अणु है, एक ही प्रभु के कण

प्रभु का कण प्रभु को समर्पित कर दिया