जादूगर वही, तमाशाई वही, कमाल नया है

भीड़ वही, मुलज़िम वही, बवाल नया है

तारीख़ें बदलती हैं यारो दिल बहलाने को

ख्वाहिशें वही, सपने वही, साल नया है


गवाह वही, जवाब वही, सवाल नया है

स्वाद वही, बासी कढ़ी वही, उबाल नया है

गुज़रे सालों से मैंने बस सीखा यही है

ख्वाहिशें वही, सपने वही, साल नया है


समंदर वही, लहरें वही, उछाल नया है

आँखें वही, आँसू वही, रूमाल नया है

कितना बदलूँ मैं, हालात भी बदलो मेरे

ख्वाहिशें वही, सपने वही, साल नया है


लफ़्ज़ वही, धुन वही, ख़याल नया है

कमी वही, बेचैनी वही, मलाल नया है

खोया रहने दो मुझे वक्त की धुँध में

ख्वाहिशें वही, सपने वही, साल नया है


होली वही, हमजोली वही, गुलाल नया है

पंछी वही, सैयाद वही, जाल नया है

फिर से चल पड़ूँगा नयी उम्मीद के सहारे

ख्वाहिशें वही, सपने वही, साल नया है