हसरत की ज़ंजीर हो

या ख़्वाबों की तस्वीर हो

लगती हो जो जन्नत से हसीं

कह दो कि तुम कश्मीर हो


आँखों में डल झील लिए

पलकों के शिकारे खोलती हुई

निषाद बाग में फूल से होंठ

संतूर की धुन में बोलती हुई

सोनमर्ग में खिली धूप सा रंग

रावी और चेनाब का नीर हो

लगती हो जो जन्नत से हसीं

कह दो कि तुम कश्मीर हो


पहलगाम सी रौनक़ चेहरे पे

गुलमर्ग की लाली गालों में

मुड़े नुबरा घाटी तेरी गर्दन पे

अहरबाल सा झरना बालों में

शालीमार बाग सी शानदार


खिलनमर्ग सी बेनजीर हो

लगती हो जो जन्नत से हसीं

कह दो कि तुम कश्मीर हो


चश्मे शाही सा शाही अन्दाज़ है

और सीरत कढ़ाई काशीदा सी

करूँ दीदार जैसे सिंधु दर्शन का

और सोच चंदनवाड़ी संजीदा सी

तेरा ज़ायक़ा यखनी पुलाव सा

तुम शीरमल और चमन पनीर हो

लगती हो जो जन्नत से हसीं

कह दो कि तुम कश्मीर हो


तेरा अंग रेशम पश्मीने सा

तू फिरन सी दे गरमाहट भी

तू काहवा ठंडे मौसम में

रूई सी बर्फ़ की आहट भी

तुम मंदिर देवी खीर भवानी का

और हज़रतबल सूफ़ी पीर हो

लगती हो जो जन्नत से हसीं

कह दो कि तुम कश्मीर हो