हर घर कुछ कहता है

आईना है, कौन यहाँ रहता है


बेरंग दीवारें फीके पड़ें अरमान हैं

पीले धब्बे गहरी चोट के निशान हैं

मद्धम रोशनी की आदत हो गयी

धूल से सने कितने रोशनदान हैं

दर्द रहने वालों का चुपचाप सहता है

हर घर कुछ कहता है

आईना है, कौन यहाँ रहता है


दिलों में फ़ासला इस क़दर है

हर शख़्स इस मकाँ में बेघर है

दरारों में दफ़्न रिश्ते गवाह हैं

आशियाँ था कभी, आज खंडहर है

आँखों का पानी सीलन में बहता है

हर घर कुछ कहता है

आईना है, कौन यहाँ रहता है


आख़िरी ख़्वाहिश है क्या बोल दूँ

घुटन बहुत है खिड़कियाँ खोल दूँ

बता क्या क़ीमत है ज़िंदगी जीने की

ख़ुद बिक जाऊँ, तेरी ख़ुशियाँ तोल दूँ

बूढ़ा हो गया है, किश्तों में ढहता है

हर घर कुछ कहता है

आईना है कौन यहाँ रहता है