चलो आज कोशिश कर ही लो

मुझे सुनाने की, एक औरत को पूरा बताने की

कलम से कहो स्याही ऊपर तक भर ले

जिगर थाम ले आँखों को थोड़ा नम कर ले

पर याद रहे कुछ छूट ना जाये

मेरी शख़्सियत की कड़ी कहीं से टूट ना जाये

बस अपने मन की मत कहना

मुझसे भी पूछते रहना

बाहर से मत तकना, अपने अंदर भी मुझको ढूँढते रहना

मैं साक्षी रहूँगी तुम्हारी इस कविता की

गहरे सागर की और बहती सरिता की

तो शुरू करो… शिष्य बनो इक बार नारी को भी गुरु करो


मेरे आँसू लिखना आसान है

मेरी ख्वाहिश लिखना

मेरी चाहत लिखना…

बांधना मत मुझे सिर्फ़ परिवार तक

मेरी रूह की हर राहत लिखना

हाँ, माँ कहना मुझे पर किसी की सखी भी कहना

सिर्फ़ तुम्हारे नहीं जो अपने दुख से दुखी भी कहना

मेरे सपने लिखना…

जो सिर्फ़ मुझे पता हैं वो मेरे अपने लिखना

बलिदानी मत कहना सदा, स्वार्थी भी लिखना

जो माफ़ करे, माफ़ी माँगे, क्षमा प्रार्थी भी लिखना

मेरा त्याग नहीं अनुराग भी लिखना

जो आँखों में खटकेगा वो भाग भी लिखना

मैं हमसाया नहीं बस केवल साया भी हूँ

मैं केवल हमदर्द नहीं अपना दर्द भी हूँ

मैं घर बनाती ही नहीं चलाती भी हूँ, मर्द भी हूँ

मैं हँसना जानती हूँ और हँसाना भी

मैं पुराना रिवाज़ हूँ और नया ज़माना भी

मत कहना मैं पूरी हूँ

धरती से चाँद की दूरी हूँ

कैसे नापोगे या आधा सच छापोगे

बदन लिखना, अदा लिखना, रूप लिखना

पर वहाँ मत रुक जाना, मुझे आगे तक दिखना

लिखना मेरे टूटे हिस्से..

सुन पाना भी मुश्किल हो वो सारे क़िस्से

क्या मेरी महत्वाकांक्षा लिख पाओगे

बस एक बार मेरे पीछे खड़े दिख पाओगे

मुझे सहारा नहीं सुनहरा लिखना

ढलती शाम नहीं, तल्ख़ दोपहर लिखना

हाँ डोली लिखते आये हो

अबके हमजोली लिखना

ना आँख पे पट्टी, ना मुँह पे ताला

दिल से दिल की बोली लिखना

नौ रस हैं मुझमें, हर एक भावना लिखना

अपने अंदर वाला लालच, ईर्षा, वासना लिखना

सहनशील ही नहीं मैं केवल क्रोध भी हूँ

ज्ञान की गंगा कभी, कभी अबोध भी हूँ

सीता हूँ, मीरा है मुझमें और राधा है

सच मानो पर सब कुछ आधा-आधा है

जो आधा दिखे, क़सम तुम्हें वो आधा लिखना

अपने ही मार्ग की सबसे मुखर बाधा लिखना

बहुतों ने देह लिख डाला बहुतों ने है देवी माना

इन दोनों के बीच में बस्ती औरत का है कौन दीवाना

मेरा विस्तार लिखना, मेरा हर प्रकार लिखना

मेरा इंकार लिखना, मेरी पुकार लिखना

कोई मापदंड नहीं मुझे स्वीकार लिखना

रिश्ता नहीं बस प्यार लिखना

और बस आठ मार्च को नहीं बार-बार लिखना

कलम तुम्हारी शायद थोड़ा ठिठक गई है

इतने बड़बोले पन से थोड़ा बिदक गई है

चलो कर देती हूँ माफ़ तुम्हें जो लिखना चाहो लिख डालो

कल्पना तुम्हारी ही मेरी पहचान है ये खुशफ़हमी पालो

सच तो ये है औरत होना औरत बन के जाना जाता है

समझे ये सच औरत का मन या फिर भाग्य विधाता है

चलो जाती हूँ मैं अब अपनी कविता पूरी कर लो

महिला दिवस पर लिखना मजबूरी है, मजबूरी कर लो

एक निवेदन है तुमसे मेरे कलम सिपाही

तुम्हारी तरह मैं भी हूँ बस जीवन राही

कोई बंधन नहीं कविता में मुझे महान ही कहना

औरत चाहे कल कह लेना, आज के दिन इंसान ही कहना