गुनगुनी धूप की चादर में,
हवाओं से लिपटा एक परिंदा,
उड़ता है बेफिकर अकेला,
भरने को आसमां परों में,
छोड़ आया जाने कहां वो,
कड़वी बातें ज़िंदगी की,
निभाने रिश्ता उमंगों से,
थामे उम्मीदों का पुलिंदा...
गुनगुनी धूप की चादर में,
हवाओं से लिपटा एक परिंदा...
शाख पे आए हैं पत्ते नए,
बारिशों की तबाही के बाद,
धुल गए कुछ दाग दामन से,
पर बह गया आशियाना आबाद,
दिख रहा वो सूरज कहीं से,
ख्वाहिश के बादलों के पार,
चाहतों का बोझ कम हुआ,
तब जाकर हुई ख़ुद से मुलाक़ात,
तोड़ कर आज़ाद है पंछी,
अब गहरी मायूसियों का वो फंदा,
गुनगुनी धूप की चादर में,
हवाओं से लिपटा एक परिंदा...
