उद्वेलित उद्विग्न हृदय की मधु अभिलाषा तुम ही हो।


सरस सरल समवेशित मन की ज्ञान पिपासा तुम ही हो।


अंतर्द्वंद्व भरे इस दिल की रस मीमांसा तुम ही हो।


कुसुमित कठिन कटु जीवन की समुचित भाषा तुम ही हो।


बंज़र खेतों में छायी हुई अमिट हताशा तुम ही हो।


सूखे रेगिस्तान में बहती शीतल बिपाशा तुम ही हो।


तृष्णाओं से भरे कर्म की त्वरित निराशा तुम ही हो।


गुलशन के गुल क रंगों की इकलौती आशा तुम ही हो।


नग्नोदित आवेशित मन की कर्मनाशा तुम ही हो।


अविचल अडिग अटल संशय की पूरी परिभाषा तुम ही हो।


कुसुमित कमल सुमन पर छाया कृष्ण कुहासा तुम ही हो।


विचरण करते विरल विहग का पूर्ण तमाशा तुम ही हो।