पुरानी क़िताबों और फाइलों के ढेर के बीच दबी हुई थी हमारी मोहब्बत वाली फ़ाइल।

मेज पर रख कर चाय की चुस्कियां लेते हुए घण्टों ही तो पढ़ा करते थे हम दोनों उसे अक्सर। फिर धीरे धीरे न जाने क्या हुआ की कभी मैं खुद ही अकेले बैठ कर उसे पढ़ता और कभी कभी तुमको भी अकेले बैठ कर पढ़ते देखा मैंने हमारी उस मोहब्बत वाली फ़ाइल को।

वक़्त कुछ इस रफ्तार से गुजरा की फिर एक लम्हा ऐसा भी आया की मेज पर धूल की मोटी परत जम गई और साथ ही खुली पड़ी इस फ़ाइल के पन्ने भी अब धूल के बोझ से दब से गए थे। अब देखने भर से तो वो फ़ाइल नज़र आती थी पर मोहब्बत शायद अब धूल की परत के नीचे कहीं दब चुकी थी। पढ़ने की तो छोड़िये अब उसे झाड़ कर साफ करने तक की बात भी हमारे ख्यालों तक में न आती थी, पर इसका ये मतलब तो कतई न था कि अब इस फ़ाइल की मेरी ज़िन्दगी में कोई जग़ह न थी।

फिर एक दिन इतवार के रोज़ मेरी नज़र मेज पर खुली पड़ी फ़ाइल की ओर गई। फ़ाइल भले ही धूल में सनी हो मग़र मोहब्बत की वो जो महक थी जो मेरे ज़ेहन में तो कहीं आज भी बसी थी मग़र साँसों में अब बसती न थी, अचानक से आज फ़िर साँसों में महक उठना चाहती थी। मगर अब ये मुमकिन ही कहाँ था, क्योंकि अब वो साथ ही कहाँ था। 

उन साथ बिताए लम्हों को याद करते हुए मैंने फ़ाइल को उठाया अच्छे से झाड़ कर साफ किया और उसे अन्दर वाले कमरे की अलमारी में हिफाज़त के साथ सहेज कर रख दिया ताकि फिर कभी कोई उसे पढ़ने के लिए कभी लौटे तो उसे वैसी ही नई और ताज़ा मिले हमारी मोहब्बत वाली फ़ाइल।