वसंत का आगमन
********************
खिल उठी कली कली, गुनगुनाने लगा मधुप।
ऋतु वसंत के आने से, निखरा धरा का रूप।
खेतों में महकी सरसों, झूमे सेमल पलाश।
आम बौर से लद गए, बढ़ गई मन की प्यास।
शीतल हवा बहकी बहकी, छोड़ चली सब लाज।
कूक रही कोयल डाल पर, हर्षित है ऋतुराज।
कलरव करते खग दल, गुंजित नभ से गीत।
रंगवासंती देख के, प्रमुदित हुआ मनमीत।
पुलकित प्रकृति ओढ़ ली, पीली पीली चुनरी।
सतरंगी वातावरण, चहुँओर खुशियाँ बिखरी।
अनिता चन्द्राकर
भिलाई नगर छत्तीसगढ़

