कभी ना भूलने वाला बचपन,जीवन को महकाता बचपन।
टिड्डे, तितली, चिड़ियों के पीछे, दिन भर दौड़ लगाता बचपन।
आम, जाम, इमली के बगीचे, धमा चौकड़ी करता बचपन।
गिल्ली-डंडे, गुड़िया, कंचे, यादों के गुल्लक भरता बचपन।
पेड़ों की डाली, माँ की साड़ी, इन झूलों में झूलता बचपन।
मिलता प्यार अथाह सभी का, कई रिश्तों संग पलता बचपन।
छमछम बारिश कागज की नाव, दुनिया की सैर लगाता बचपन।
नदियाँ, नाले ,खेतों की पगडण्डी, हँसता और हँसाता बचपन।
