ख्वाब की पुकार
यादों के महकते गाँव से
उम्र की ढ़लती छाँव पे
ख्वाबों का दरिया पार कर
मन की गंगा के घाट पर
चल आ, हम जी ले जरा
सच के पल दो पल... ...
तू मेरी हकीकत, मैं तेरी सच्चाई
तू मेरा साया मैं तेरी परछाई
फिर क्यूँ बढ़े हैं, दोनों में फासले
क्यूँ न हम एक दूजे को जाँच ले
बनू मैं फिर से तेरी वही मुरली
तू फिर से लबों से एक नई राग ले
चल आ, हम जी ले जरा
चाहत के पल दो पल... ...
सुख-दुख की गलियों के फेरे में
औरों के साँझ - सवेरे में
कुछ खो कर के कुछ पाने में
भूले तुम जिसको इस जमाने में
वह राज आज फिर लौट आए हैं
बैठे जीवन यामिनी के सिरहाने में
चल आ, अब जी ले जरा
खुद ही खुद में खोकर पल दो पल... ...
यादों के महकते गाँव से
उम्र की ढलती छाँव पे
ख्वाबों का दरिया पार
कर मन की गंगा के घाट पर
चल आ हम जी ले जरा
सच के पल दो पल... ...!!
- अनिला राखेचा

