चाँद नभ में मुस्कराता।
देख रजनी का अलक
मस्ती भरी नीली पलक ,
सर्वत्र शीतल चाँदनी विह्वल लुटाता।
चाँद नभ में मुस्कराता।
रात के ही साथ चलता
रात ढ़लती,चाँद ढ़लता,
यामिनी से है बना अविच्छिन्न नाता।
चाँद नभ में मुस्कुराता।
सज-सँवर निकले सितारे
गा रहे नवगीत सारे ,
दूर का तारा मगन हो टिमटिमाता।
चाँद नभ में मुस्कराता।
दीप-से जुगनू जले हैं
उड़ रहे अम्बर तले हैं,
देखकर तम का कलेजा काँप जाता।
चाँद नभ में मुस्कराता।
अनिल मिश्र प्रहरी।

