वो थोड़े कम हैं
=============
बिन पुछे सँभालने वाले
लाख मिलेंगे दुनिया में
कभी गिरने में ही समझदारी,
इस राज़ को जानने वाले,
वो थोड़े कम हैं …
जाने बिन कुछ राय वाले
लाख मिलेंगे दुनिया में
चुपके से बस सुनने वाले,
और सुनाओ कहने वाले,
वो थोड़े कम हैं …
अपना ही हाल बताने वाले
लाख मिलेंगे दुनिया में
मेरी छोड़ो, अपनी सुनाओ,
दिल से ये कहने वाले,
वो थोड़े कम हैं …
हर पल मंज़िल ढूँढ़ने वाले
लाख मिलेंगे दुनिया में
क्यों न आज खो जाएँ,
ये ख़याल रखने वाले,
वो थोड़े कम हैं …
तेरा - मेरा करने वाले
लाख मिलेंगे दुनिया में
ख़ाल-हाथ आना-जाना
ये पक्का जानने वाले,
वो थोड़े कम हैं …
आन बान शान वाले
लाख मिलेंगे दुनिया में
सावन, घटा, पंछी, बादल
ये दौलत जानने वाले,
वो थोड़े कम हैं …
कदम - कदम सोचने वाले
लाख मिलेंगे दुनिया में
जो होगा, जैसा होगा
हर लम्हा पूरा जीने वाले,
वो थोड़े कम हैं ….
-अनिरुद्ध
2nd Apr 2022

