मौन पर्याय स्वीकृति का,
न, अंतर्तम की है विह्वलता
मौन झांकता आंखों से,
है मानव मन की दुविधा
मौन ध्वनि की सार्थकता;
है वनों की निर्जन जीवटता
मौन पुष्पों पर खिला,
मौन धीरज का है दुहेता
मौन सदियों से रहा है,
मौन बनके सांध्य- बेला
मौन शिखरों की बसाहट;
मौन सरिता सिसकियों का-
एक निरर्थक साक्ष्य- श्रोता
मौन धरती का क्षितिज है,
अस्तित्व ही है मौन जिसका
मौन राग, अनुराग मेरा
मौन तुम्हारे प्रश्नों को-
है मौन ही उत्तर मेरा
मौन समय, मौन शून्य है
मौन वाणी का समूल है;
मौन अभिनय, है मौन संशय
मौन धरा का अंतिम प्रसून है.!!

