आज हम सभी की कहानी।

एना के ऑफिस में हर तरह के लोग हैं। हर उम्र के, हर क्षेत्र से, महिला-पुरुष, अलग-अलग भाषा बोलने वाले और भिन्न-भिन्न धर्म-संस्कृतियों का पालन करने वाले। छोटा सा अलग ही संसार है वहां। वैसे, सभी दिखते भी अलग हैं – और ये पढ़ने में हास्यास्पद लग सकता है, क्योंकि ये भी कोई कहने की बात है? लेकिन हाँ, कहने की तो है और याद दिलाने की भी, क्योंकि अलग दिखते हैं से मेरा मतलब सिर्फ महिला-पुरुष ही नहीं; कद, आकर, वजन, रंग, बाल, मुस्कान, सभी से है। ख़ास बात ये है कि ये जानते सभी हैं, लेकिन बस याद नहीं रखते। कैसे?

ऐसे, कि कोरोना पॉजिटिव से नेगेटिव होने के बाद हलके गेहूंए रंग से पीली सी हो चुकी 30 वर्षीय एना जब वापस ऑफिस पहुंची, तो प्रीती का ध्यान सिर्फ इस बात पर गया कि एना को कितने ‘डार्क सर्कल्स’ हो चुके हैं। यह पूछने की बजाए कि अब तबियत कैसी है, उसने उलाहना देते हुए एना को सिर्फ इतना बोला कि कितनी बुरी दिख रही हो तुम? रात को सोते समय खीरा नहीं रखती आँखों पर? और तुम्हारा वज़न कुछ खास नहीं हुआ? मैंने सुना है कोरोना में काफी कम हो जाता है। तुम तो वैसी ही हो।

ऐसे, कि जब 29 वर्षीय सोनिया ‘मैटरनिटी लीव’ से वापस आई, तो प्रीती को बस यही बात ध्यान रही कि सोनिया की कितना वज़न बढ़ चुका है, वह ‘फिटिंग’ के कपड़े क्यों नहीं पहन रही है और उसे अपने वज़न पर ध्यान देने की बहुत ज़रूरत है।

ऐसे, कि जब 25 वर्षीय कृष ने हाल ही में जूनियर मैनेजर का पदभार ग्रहण किया, तो प्रीती को लगा उसे मात्र उसकी ‘हैण्डसम’ शक्ल की वजह से नौकरी मिली है। बाद में पता चला कि वह अपनी यूनिवर्सिटी का गोल्ड मेडलिस्ट है, तो प्रीती ने घोषणा कर दी कि उसे सही वक़्त पर उतना पढ़ने का मौका मिला होता तो वह भी पक्का उसी पद पर होती।

ऐसे, कि सामान्य से कद की 40 वर्षीय कर्णिका जब प्रीती के ऑफिस में किसी काम से गयी, तो प्रीती ने काम करते हुए ताना कस दिया कि थोड़ा रस्सी कूदा करो, ‘जिम’ जाया करो, कद बढ़ जाएगा।

ऐसे, कि हाल ही में जब 45 वर्षीय तृषा का किडनी के ऑपरेशन के बाद हल्का सा पेट निकल आया, तो प्रीती ने सबके सामने उसके पेट पर हाथ रख कह दिया, ‘वॉक नहीं कर रही हो आजकल, है न?’

ऐसे, कि जब 40 वर्षीय आनंद एक दुर्घटना के बाद अपने पैरों से प्लास्टर निकलवा कर फिर आया, तो उसके बढ़े वजन और भरे गालों को देख कर प्रीती ने अंदाज़ा लगा लिया कि प्लास्टर तो पहले ही निकल चुका होगा, मेडिकल लीव का फायदा उठा कर घर बैठकर बस खाया और ‘ऐश’ किया है उसने।

ऐसे, कि 23 वर्षीय शिखा ने जब बाल कटा लिए, तो उसके ‘बॉयकट’ बालों को देख कर प्रीती ने अंदाज़ा लगा लिया कि वह तो शुरू से ‘टॉमबॉय’ है। या यूँ कहें कि वह ‘करैक्टर-लेस’ है।

ऐसे, कि जब दक्षिण से आई 50 वर्षीय सुनैना ने ऊंचे पद पर अपनी नौकरी शुरू की, तो प्रीती को हैरानी थी कि इतने दबे हुए रंग वाली महिला को कोई कैसे मेनेजर के पद पर रख सकता है? मेनेजर तो ‘गुड-लुकिंग और गोरा’ होना ज़रूरी है।

ऐसे, कि जब 32 वर्षीय शैव्या अपने बॉस की हर बात बिना कहे समझ जाती, दिन-रात मेहनत करती, चाहे छुट्टी ही क्शाबाशी मिलती, तो प्रीती सबसे पूछती, ‘ये शैव्या की शक्ल में ऐसा क्या है? क्या करती है ये कि बॉस उसकी बात हमेशा सुनते हैं?’

ऐसे, कि जब छोटी-सी चोटी बांधे रौनक कैंटीन में अकेला बैठा चाय पी रहा था, तो प्रीती ने अंदाजा लगा लिया कि वह ‘धार्मिक’ होने का दिखावा करता है, लेकिन हर रोज़ पार्टियों में जा कर ‘मज़े’ करता है। और यह भी, कि शायद वह बाल कटा ले तो थोड़ा तो बेहतर दिखेगा। क्यों बेहतर दिखना नहीं चाहता वो?

ऐसे, कि जब लगातार प्रेगनेंसी के दौरान असंख्य होरमोन के इंजेक्शन ले रही 28 वर्षीय गीतिका को चेहरे पर बहुत से दाने और पिम्पल हो गए, तो प्रीती ने बिन मांगी सलाह दे डाली और बाद में पीठ-पीछे गीतिका को कोसा कि क्यों अपनी त्वचा का ख्याल ही नहीं रख सकती वो।

ऐसे, कि जब 60 वर्षीय किशोर के रिटायर्मेंट की पार्टी थी, तो प्रीती ने मात्र उनके ऊंचे कद और फिटनेस की ही तारीफ की। जैसे पिछले इतने साल से उनकी जो भी मेहनत, लगन, कर्मठता, इमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा थी, उसकी तो कोई अहमियत ही नहीं थी।

और ऐसे, कि ऐसे बहुत से किस्से हैं जो हमेशा से चले आ रहे हैं। एना के ऑफिस या घर में ही नहीं, बल्कि हम सभी के आसपास, हर रोज़, हर वक़्त।

मैंने सबकी उम्र क्यों लिखी? क्योंकि चाहे महिला हो या पुरुष, किसी भी उम्र का हो, ऐसी कई सारी ‘प्रीतियां’ उन सभी के आसपास है, जो उनका आंकलन कर रही है और मुफ्त ज्ञान बांटने के नाम पर ‘बॉडी-शमिंग’ कर रही हैं।

मैंने प्रीती की उम्र क्यों नहीं लिखी? क्योंकि बॉडी-शेमिंग का ताना कसने की ‘बीमारी’ किसी एक उम्र के लोगों को नहीं है। हर उम्र की ‘प्रीती’ इससे ग्रस्त है। शायद इसलिए कि उसने शुरू से सिर्फ बाहरी दिखावे पर ही लोगों को पसंद या नापसंद किया। या शायद वह खुद इतनी कुंठित है, कि उसका ध्यान कभी आतंरिक ख़ूबसूरती पर गया ही नहीं। न ही कभी उसने किसी और को काबिल समझा। या इसलिए कि शायद उसे स्वयं से ही प्रेम नहीं।

और नाम मैंने प्रीती क्यों रखा? इसलिए, क्योंकि मैंने अधिकतर महिलाओं को ही अन्य महिलाओं पर ताने कसते हुए देखा और सुना है। क्यों? शायद इसलिए, कि हमारे समाज में लड़की का गोरी होना, सुन्दर होना और दुबली होना आज भी पढ़े-लिखे, मेहनती और होशियार होने से ज्यादा महत्वपूर्ण माना जाता है। शायद इसीलिए, कि लड़की चाहे कितनी भी कलाओं में निपुण हो, होशियार हो, मेहनती हो, लेकिन अगर वह सांवली है, या कद में छोटी है, या ज्यादा लम्बी है, या मोटी है या बहुत ही दुबली है, तो उसे किसी भी उपलब्धि के ‘लायक’ नहीं समझा जाएगा या उसपर प्रश्न अवश्य उठाए जायेंगे। यह बात महिलाओं के मन-मस्तिष्क में कूट-कूट कर बचपन से भर दी जाती है, जिसकी घुट्टी वे अपनी अगली पीढी को विरासत के रूप में पिलाती जाती हैं, ऐसी ही कई ‘प्रीतियों’ के रूप में।

कहीं ये ‘प्रीती की प्रवृत्ति’, उसकी बीमारी का संक्रमण आपमें भी तो नहीं?