आदि की दीदी की शादी लगभग दस साल पहले हुई थी। धूम-धाम से हुई उस शादी में सब कुछ दीदी की पसंद का ही था। आखिर घर की सबसे बड़ी बेटी जो थीं। अब तो उनके दो बेटे भी हैं। लेकिन आदि की जब एना से शादी हुई, तो माहौल और भी अलग था, क्योंकि सालों बाद आदि के घर में किसी ‘बेटे की शादी’ थी। आदि की दीदी को फिर से सब कुछ सिर्फ ‘अपने हिसाब’ से चाहिए था। शायद इसलिए क्योंकि ‘उनके भाई’ की शादी थी, वो भी इतने सालों बाद। हक़ तो बनता है। लेकिन किस हद तक? क्या एना के अपनी शादी को लेकर कुछ ख्वाब नहीं रहे होंगे?
शादी के एक महीने पहले बड़ी उम्मीदों के साथ एना ने बमुश्किल ‘प्री-वेडिंग’ शूट का प्लान किया। दीदी की शादी के समय तो प्री-वेडिंग शूट का इतना चलन नहीं था, लेकिन आदि की दीदी एना का अपने घर में स्वागत करने की बजाए ‘ट्रेनिंग’ देने में लगी हुई थीं:
‘एना, तुम क्यों करवाना चाहती हो प्री-वेडिंग? आदि के ऑफिस की छुट्टी हो जाएगी फालतू।’
‘दीदी, ये सब तो मौके हैं बस खुशियाँ ढूँढने के… फिर तो समय ही नहीं मिल पाएगा न…’
‘फालतू के चोचले हैं, एना। पर तुम सुनने कहाँ वाली हो.. खैर, क्या पहन रही हो तुम फोटोशूट में?’
‘अभी तय नहीं किया है दी। वैसे काफी ड्रेस हैं मेरे पास… समय भी कम है…’
‘मैं बताती हूँ। तुम साड़ी पहन लो और सलवार सूट पहन लो। समय कम है तो फटाफट हो भी जाएगा।’‘दीदी, साड़ी तो है, लेकिन आमतौर पर सभी लोग आजकल प्री-वेडिंग में वेस्टर्न वन-पीस पहनते हैं… तो वो भी…’
‘नहीं, हमारे यहाँ नहीं चलेगा वेस्टर्न। और फोटो मत अपलोड करना कहीं भी बिना हमसे पूछे।’
‘प्री-वेडिंग के फोटो तो हमारे लिए हैं, आदि और मेरे।’
‘नहीं हमारे यहाँ लोग फोटो देखेंगे तो अच्छा नहीं लगेगा। वन पीस नहीं चलेगा यहाँ। पर तुम सुनोगी तो हो नहीं, तो अगर पहनो भी तो भी कम से कम लम्बा वाला पहनना, पूरे पैर ढंके हों जिसमें। और फालतू रोमांटिक फोटो मत क्लिक करवाना। हमारे यहाँ ऐसे फोटो नहीं चलेंगे, समझी?’
एना सोचती रही कि शादी उसकी, प्री-वेडिंग शूट उसकी, फोटो वह अपने और आदि के लिए खींचवाने वाली है, लेकिन कपड़े वह कौनसे पहनेगी, फोटो कैसे क्लिक करने हैं और उन फोटो का क्या करना है, यह कोई और तय क्यों करेगा? खैर, उसने फोटोशूट के दौरान साड़ी भी पहनी और अपनी पसंद के सभी कपड़े भी... ज़िन्दगी में कभी साड़ी न पहनने वाली एना ने जब पहली बार साड़ी पहनी तो उसे लगा था आदि उसे देख कर बेहद खुश होगा।
उसकी दीदी ने वैसे ही ‘ट्रेनिंग सेशन’ में सौ बार गाना गाया था, - ‘हमारे यहाँ तो साड़ी ही पहननी पड़ती है, वो भी घूँघट के साथ। तुम साड़ी पहनने की क्लास जाओ और अलग-अलग तरह से पहनना सीखो। हमारे यहाँ ऐसे नहीं चलेगा’।
एना इस बात से शादी के पहले से ही बेहद हैरान-परेशान हो चुकी थी, क्योंकि घर में तो सिर्फ आदि और एना ही रहने वाले थे। वो दोनों कैसे रहेंगे, क्या करेंगे, घर कैसे सजायेंगे, ये सब तो उनका निर्णय होना चाहखैर, पहली बार आदि ने एना को साड़ी में देखा और जोर-जोर से उसकी हंसी उड़ाने लगा, सभी फोटोग्राफर्स के ही सामने।
‘कैसी अजीब लग रही हो तुम? ऐसे कौन तैयार होता है? साड़ी के साथ ये फुटवियर कौन पहनता है?’
‘आदि, साड़ी के बाद मैं वेस्टर्न कपड़ों में ही तो फोटोशूट कराउंगी न? इसलिए मैंने ये वाले हील्स पहन लिए। साड़ी में बैठकर फोटो खींच रहे हैं, उसमें फुटवियर तो साड़ी में छुप ही जाएगी न?’
लेकिन आदि ने सबसे सामने इतनी हंसी उड़ाई कि फिर एना ने जैसे-तैसे अपने आंसू रोक कर पूरी फोटोशूट निपटाई। जितना दुख उसे आदि की दीदी के बेवजह के हस्तक्षेप और दबाव का हुआ था, उससे कई ज्यादा आहत वह आदि के इस ओछे बर्ताव से थी।
खैर, उन्हीं तस्वीरों को मिला कर एना ने एक वीडियो इनविटेशन तैयार करवाया। आदि के पास तो समय ही नहीं था, न ही उसे कुछ ख़ास रूचि थी। लेकिन जब वह इनविटेशन आदि के घरवालों के पास पहुंचा, तो उन्होंने फिर से उसमें ‘अपने हिसाब’ से बदलाव करवाने की घोषणा कर दी।
‘आठ में से इन पांच तस्वीरों को बदल दो। इसमें एना अच्छी नहीं दिख रही। हम हमारी पसंद की लड़की लाते तो परफेक्ट लाते, लेकिन अब क्या करें… लेकिन ये तसवीरें हमारे यहाँ नहीं चलेंगी।’
एना ने फिर उनके हिसाब से बदलाव किए। उसका भी उसे दुःख नहीं था। दुःख था सिर्फ इस बात का कि कोई उसकी ख़ुशी, उसकी पसंद, उसके सपनों के बारे में सोच तक नहीं रहा था। आदि का परिवार तो उसे वैसे भी अपनाने से पहले ही गैर बना चुका था और ‘ट्रेनिंग’ का दबाव बना रहा था, लेकिन आदि भी उसका साथ नहीं दे रहा था, न ही समझने की कोशिश कर रहा था।
आज भी कई पढ़े-लिखे घरों में लड़के की बहनें अचानक ‘दीदी’ से ‘ननद’ क्यों बन जाती हैं? खुद की शादी में उनके जो अरमान रहे, वो तो उन्होंने पूरे कर लिए होंगे, (नहीं भी किए होंगे अगर), तो कम से कम अपने भाई की शादी तो उसकी और उसकी होने वाली पत्नी की पसंद से होने दें। इतने हस्तक्षेप से घर के नए सदस्य की उम्मीदों की बलि क्यों चढ़ानी होती है? क्या ये ‘हिसाब’ की किताब कभी बंद हो सकेगी? बेशक होगी, वक़्त आएगा, समय बदलेगा और देखना एक दिन सबका हिसाब होगा।

