मैं जन्म, मैं जीवन और मृत्यु भी मैं
मैं बच्चा, मैं माँ, हर रिश्ता ही मैं
मैं बचपन, मैं जवानी, बुढ़ापा भी मैं
मैं लक्ष्मी, मैं सरस्वती और दुर्गा भी मैं
मैं सवेरा, मैं निशा और साँझ भी मैं
मैं फूलों की ख़ुशबू और शोख़ी भी मैं
मैं नीम, मैं शहद और तुलसी भी मैं
मैं शोला, मैं शबनम और आँधी भी मैं
मैं निबल, मैं सबल और अटल भी मैं
मैं माटी, मैं जल और आकाश भी मैं
मैं सूरज, मैं चंदा और तारा भी मैं
मैं आरती, मैं अज़ान, अरदास भी मैं
मैं वर्षा की बिजली, सर्द रातें भी मैं
मैं वसंत, मैं पतझड़, गर्म लपटें भी मैं
मैं ग़म, मैं ख़ुशी और ग़ुस्सा भी मैं
मैं चिंता, मैं सुकून और नादानी भी मैं
मैं ग्रंथ, मैं साहित्य और पुराण भी मैं
मैं गद्य, मैं क़िस्सा और कहानी भी मैं
मैं सुर, मैं ताल और सरगम भी मैं
मैं नृत्य, मैं नाटक, हर कला भी मैं
मैं ज़िद, मैं जुनून और जज़्बात भी मैं
मैं इश्क़, मैं नफ़रत, हर भाव ही मैं
मैं मैं भी, मैं तू भी, और सब कुछ ही मैं
मैं लड़की, मैं औरत, और नारी भी मैं।

