जब विश्व विजयी वह सिकंदर, मृत्यु को पाने लगा ।
सम्राट पर जब मृत्यु का, साया तनिक छाने लगा ।।
जब भाव उसके अंग के, विपरीत से होने लगे ।
वे अंत उसका देखकर, निज चेतना खोने लगे ।।
वह मृत्यु भी बन रौद्र सी, जब तांडव करने लगी ।
सम्राट की सांसे तनिक, जब आह सी भरने लगी ।।
घबरा गया वह मृत्यु से, डरकर व्यथित सा हो गया ।
मानो भयानक शोक के, सागर सलिल में खो गया ।।
वह ग्लानि के आवेश में, आकर तनिक रोने लगा ।
उसको किये निज पाप का, आभाष अब होने लगा ।।
रुंधे हुए उस कंठ से, मानों ये उसकी चाह थी ।
उसको हुए उन कर्म की, होने लगी परवाह थी ।।
अब बोल उठा वैरागी वह, मुझको क्षण भर ना जीना है ।
मैंने लाखों माँ बहनो से, उनके बेटों को छीना है ।।
धन की खातिर तन होम किया, धिक्कार मुझे- धिक्कार मुझे !
जीवों का जीवन लेने का, दे दी किसने अधिकार मुझे !!
मैंने सारा जग जीत लिया, पर समय मुझे ही मार गया ।
जो था अजेय रण में, जीवन का, जंग सहज ही हार गया ।।
जिसकी लहरों ने दुनिया के, हर तट पर अपना राज किया ।
जिसकी तलवारों ने अरि के, मस्तक कटने पर नाज किया ।।
जिसके समक्ष इस सागर की, लहरें भी छोटी लगती थी ।
जिसके सीने में विश्व विजय, की ज्वाला सदा सुलगती थी ।।
जिस पर भी मेरी नजरें थीं, जो भी इस मन को भाया था ।
मैनें तलवारों के दम पर, ही तत्क्षण उसको पाया था ।।
अपनी ताकत को देख जरा, मैंने प्रतिपल ही पाप किये ।
कितने ही निर्मल हृदयों को, तलवारों से संताप किये ।।
जिसके पद चिन्हों पर चलते थे, वीर बड़े उत्साह भरे ।
अब व्याप्त करुण वाणी उसकी, ये शब्द व्यथित से आह भरे ।।
जब मुझ पापी हत्यारे का, यह ह्रदय धड़कना रुक जाए ।
जो जीवन में ना झुका कभी, जब विजयी का सर झुक जाये ।।
सारे जग का यह हत्यारा, जब जाने का ऐलान करे ।
दुनिया का ना कोई प्राणी, इस पापी का सम्मान करे ।
तन को रखना जब अर्थी में, तो फिर ढक देना माथ ज़रा ।
जब गिरे तेग इन बाहों से, बाहर कर देना हाथ जरा ।।
जिससे लोगों को पता चले, जिससे लोगों का ज्ञान जगे ।
हैं खाली हाथ सिकंदर के, ना लोगों का अभिमान जगे ।।