विश्व पटल पर जब-जब, भारत के गौरव का नाम उठेगा ! फिर गांधी की चर्चा होगी, फिर से एक कलाम उठेगा !! फिर से कहीं भगत सिंह लेकिन, बंदूकों को बोता होगा ! दूर कहीं ऊधम के डर से, डायर कब तक सोता होगा !! फिर आजाद धधकता होगा, सौ-सौ सहज सुलाने को ! फिर जन्मेगा वीर मराठा, माँ की लाज बचाने को !! एक नहीं गुस्ताख़ लफ़्ज पर, अब पूरा आवाम उठेगा ! फिर गांधी की चर्चा होगी, फिर से एक कलाम उठेगा !! एक सुदृढ़ पद्मा के आगे, फिर अशोक को झुकना होगा ! बाबर के रथ-विजय चिन्ह को, सिंध पार ही रुकना होगा !! क्रांतिदूत फिर से तोड़ेंगे, इन मजबूत सलाखों को ! पुनः निकालेगें हर तिरछी, पड़ने वाली आँखों को !! उठा ब्रिटिश पर संतावन में, आज वही कुहराम उठेगा ! फिर गांधी की चर्चा होगी, फिर से एक कलाम उठेगा !! फिर से राणा की तलवारें, अकबर को मजबूर करेंगी ! दुर्गा-लक्ष्मी और अहिल्या, मान ब्रिटिश का चूर करेंगी !! कोई टाटा ;अंग्रेजों के, खड़ा दम्भ पर ताज करेगा ! दूर देश का एक सिकंदर, अब न हिन्द पर राज करेगा !! जब पापी रावण जन्मेगा, फिर कलयुग में राम उठेगा ! फिर गांधी की चर्चा होगी, फिर से एक कलाम उठेगा !! राजनीती के रक्तबीज जब, मातृभूमि ना पहचानेंगे ! जेपी-अन्ना एक मशीहा, बनकर अपना सिर तानेगे !! जातिवाद की बातों से जो, लाख बार आघात करेगा ! कोई मोदी; उठकर फिर से , वंशवाद को मात करेगा !! दीवाली खेली जायेगी, जब-जब नमक हराम उठेगा ! फिर गांधी की चर्चा होगी, फिर से एक कलाम उठेगा !! युवा फूल जब राजनीती के, तेज धूप में मुर्झायेंगे ! दूर विवेकानंद के गुंजित, ओजस्वी लव छू जायेंगे !! इनकी गुस्ताखी ज्यों, तिनका-तिनका कर बढती जायेगी ! गरम खून की गर्दी हमपर, क्षण-क्षण कर चढ़ती जायेगी !! कलम उठाने वाला युवक, अब बंदूकें थाम उठेगा ! फिर गांधी की चर्चा होगी, फिर से एक कलाम उठेगा !!