धरती के रज से बालक का, जब प्रथम समागम होता है !
कोई बच्चा इस दुनिया को, जब देख ठिठक कर रोता है !!
होकर उल्लासित माँ उसको, तत्क्षण ही गले लगाती है !
उसको ममता निर्झरिणी का, हर पल आभाष कराती है !!
उसकी आँखों में दुनिया का, हर सुन्दर स्वप्न सँजोती है !
क्योंकि माँ तो, माँ होती है !!
सिखलाती है प्रतिक्षण-प्रतिपल, निज पैरों पर चलना उसको !
अपने कर्मों की ज्वाला में ही, हर क्षण-क्षण जलना उसको !!
यह बुरी नहीं सारी दुनिया, बस एक भरोसा करने को !
सिखलाती है खुद को तज कर, ना इस दुनिया से डरने को !!
कहती है, दिल से सोच सदा, दुश्मन की भी हो सदा विजय !
क्योंकि माँ तो, माँ होती है !!
शिक्षा की पहली सीढ़ी से, तालीमों का यह अलख सफर !
सिखलाती है, हँसते रहना, सुख में या दुःख में जीवन भर !!
हर एक अँधेरी रातों के, उस ओर खड़ा है स्वर्णिम कल !
धीरज होगा तुझमें तब ही, पायेगा सारे सुन्दर पल !!
हर बीज सफलता के प्रतिपल, बेटे के मन में बोती है !
क्योंकि माँ तो, माँ होती है !!
कहती है, मानवता बेटे, मजहब से हरदम ऊपर है !
क्या भेद जाति या वंशों में, काया सबकी यह नश्वर है !!
क्या अपना-कहाँ पराया है, सब तो तेरे ही जैसे हैं !
दिल की सुन तू, सौ बार सदा, तुझको जब भी यूँ हो संशय !!
बुनती है सुन्दर से सपने, अक्सर जब भी माँ सोती है !
क्योंकि माँ तो, माँ होती है !!
है सदा पराजय ही अच्छी, छलयुक्त विजय से गरिमामय !
तू लाख करे सौदा तन का, अंतस का मत करना विक्रय !!
कोमल हो मन तेरा हरदम, लेकिन डर से कमजोर नहीं !
पिट कर ही सांचों में ढलता, लोहा बनकर इस्पात कहीं !!
माँ की ममता की आभा से, फीकी हर सुन्दर मोती है !
क्योंकि माँ तो, माँ होती है!!
---कवि आनंद
