ये रक्त बीज से फैल रहे हैं, कितने लंकेश्वर फिर से !
सूरज को लौ दिखलाते हैं, जुगनू ये मुट्ठी भर फिर से !!
इतनी भीषण लाचारी को, बोलो मैं कैसे सहन करू !
किसका पुतला मैं दहन करू !!
एक रावण सौ चेहरे उसके, फिर अट्टाहास करे !
आज विभीषण धर्मनिष्ठ को, फिर से भीषण त्रास करें !!
राम विकल, हैं असमंजस में, किस चेहरे का दमन करू !
किसका पुतला मैं दहन करू !!
है चीर हरा ऋषि-मुनियों ने, अब बेशक इन अबलाओं का !
हो गया कलंकित दूध पुनः, गांधारी सी माताओं का !!
चुप बैठे केशव, देख प्रलय, बोलो फिर किसका मनन करू !
किसका पुतला मैं दहन करू !!
