हर आदमी के जीवन में कुछ लोग खास हो जाते हैं। वैसे दोस्ती या रिश्तेदारी में यह आम बात है पर मैं यहां बात कर रहा हूं उन लोगों के बारे में जो हमारी आम दिनचर्या में महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं।
जैसे हम सब्जी लेने जाते हैं तो कोई खास सब्जी बेचने वाला हमारा पसंदीदा होता है। राशन भी हम किसी खास दुकानदार से ही लेते है। हमारा नाई या प्लंबर का काम किस से करवाना है,तय होते हैं।
हमारे घर में भी राजमिस्त्री का काम करने के लिए खास आदमी है- उदल । घर में कुछ टूट या मरम्मत करानी हो तो उसको याद किया जाता है। हमें उसका काम पसंद है और वह पैसे भी वाजिब लेता है।
इस बार उसको याद किया तो वह अपने साथ एक आदमी लेकर आया। कहने लगा साहब यह काम इस शख्स से करवा लो, मैं नहीं कर पाऊंगा क्योंकि मेरा एक्सीडेंट हो गया है,मेरा हाथ बढ़िया तरीके से काम नहीं कर रहा । भारी काम नहीं कर पाऊंगा।
यही उसकी खास बात थी की वह काम नहीं कर पा रहा है पर उसे मेरी चिंता है। उसने उस व्यक्ति को काम समझाया और कहा साहब को इस तरह का काम पसंद आता है।
जाते-जाते उसने कहा साहब मैं तो बहुत दिक्कत में हूं। कुछ भी काम नहीं कर पा रहा हूं। घर वाले भी जब कमाता था तो पूछते थे अब कोई नहीं पूछता..
पता नहीं उसे क्या लगाव था मैं उसके बारे में दिनभर सोचता रहा।
फिर मुझे याद आया की बागवानी का मेरा शौक इसकी मदद कर सकता है खाली समय में मैं यही किया करता था । मैंने सोचा कि मेरे यहां काम करते देख शायद आसपास का काम भी उसे मिल जाए। इससे उसको ज्यादा मेहनत नहीं करना पड़ेगा और हाथ में दबाव भी नहीं पड़ेगा।
अगले दिन मैंने फोन करके उसे बुला लिया। मैंने उसको बागवानी का काम बता दिया। वह बहुत खुश हुआ कहा साहब यह काम मैं कर सकता हूं । पौधों की देखभाल करना, पानी देना. खाद देना मेरे लिए कोई दिक्कत की बात नहीं होगी।
कुछ दिनों की मेहनत से बगीचा खिल उठा। कुछ पौधे उसने और खरीदवा दिए। बगीचे में आया परिवर्तन आसपास के लोगों को दिखने लगा। लोग उसके बारे में पूछने लगे। उसे आसपास का काम भी मिलने लगा।
उसने घंटे के हिसाब से अपना रेट फिक्स कर लिया। लोग उसे हफ्ते में 1 घंटे या 2 घंटे के लिए ही बुलाते थे। इतना समय बागवानी के लिए पर्याप्त रहता है।
वह अपना काम बड़ी लगन से करता। लोगों को उनके पैसे बचाने में भी मदद करता । किसी के घर में पौधों की कटिंग होता तो है उसे सहज के रख लेता। किसी और को दरकार होने पर वह उन्हें मुफ्त में लगा देता। बहुत बार लोगों को यह लगता है कि यह तो मुफ्त में काम कर रहा है इतने पैसे तो हमें पौधे खरीदने में लग जाते ।
अपने काम में इस्तेमाल होने वाले औजारों को भी वह संग्रह करना शुरू कर दिया था। इससे उसका काम आसान होने लगा था। आज जमाना भी वही है, यही चीजें लोगों को इंप्रेस करती है। धीरे-धीरे वह लोगों का चहेता बन गया।
उसे चार-पांच महीने ही काम करते हुए थे कि मेरा तबादला हो गया। मैं बाहर रहने लगा पर परिवार वहीं रह रहा था।
अक्सर वीडियो कॉल में मैं उससे बातें कर लिया करता था। वह बताते रहता था कि भैया अब मुझे दूर-दूर तक काम मिलने लगा है । मैंने सप्ताह के हिसाब से सब को समय दे रखा है। रविवार को आकान्छाकुन्ज, सोमवार को मैत्री कुंज., मंगल को ताल पुरी.. इस तरह काम बांट लिया है।
मुझे बहुत खुशी होती थी और मन में बहुत शांति।
आज फिर पत्नी का फोन आया । उसने बताया कि उदल काम कर रहा है। मैंने उससे गार्डन दिखाने व उदल से बात कराने को कहा।
उदल की आंख में खुशी के आंसू थे। आज फिर कहने लगा भैया सब आपकी कृपा है, आपने ही रास्ता दिखाया। मैं तो परेशान हो गया था। आज परिवार में भी इज्जत है।
आज मैं ₹20000 के करीब कमा ले रहा हूं,। जितना मैं राजमिस्त्री के काम में कमाता था अब उससे ज्यादा कमाने लगा हूं। समय भी इसमें कम देना पड़ता है। 8 घंटे रोज काम मिल जाए तो मैं आराम से 30000 तक कमा लूंगा। भैया सब आपकी कृपा है।
मैंने उससे कहा इसमें मेरा क्या है। सब तेरी मेहनत का फल है। तुम मेहनत नहीं करते और इमानदारी से काम नहीं करते तो आज इस मुकाम पर नहीं रहते..
वह कहता गया.. भैया उस समय आप रास्ता नहीं दिखाते , मेरी मदद नहीं करते तो आज शायद मैं इस स्थिति में नहीं रहता । काम की तलाश तो मैं कर ही रहा था पर सफल नहीं हो पा रहा था । आप शुरुआती मदद नहीं देते तो शायद मैं यहां नहीं होता।
मैं सोचने लगा.. मैंने तो बस यूं ही मदद कर दी थी। कुछ खास किया तो नहीं था। हां , गार्डनिंग मेरा शौक था, अपना छोटा सा काम ही तो दिया था और कुछ सलाह .. और यह मुझे... पगला..
रचीयता::आनंद गोलछा

