जिस मुकाम के हमराही हो हम दोनों, तुम मुसाफ़िर और मैं खूबसूरत नज़ारा हो जाऊँ
तुम असीम लहराता सागर, तुम्हें थामने को मैं ठहरा किनारा हो जाऊँ
तुम बनना अनंत आकाश आगोश में जिसकी, अठखेलियाँ करती मैं इक बदली आवारा हो जाऊँ
बिखर जाए चमक हर ओर तुम्हारी, तुम्हें रोशन करने को कुछ पल मैं अंधियारा हो जाऊँ
तुम सबके चहेते चंदा, मैं तुम्हारा प्रिय सितारा हो जाऊँ
मुरझाने लगे जो कभी उम्मीदों की बेल, तुम्हें संभालने को मैं दृढ़ सहारा हो जाऊँ
भटक जाओ यदि राह कभी तुम, मैं मंजिल तक पहुँचाने का इशारा हो जाऊँ
घर आंगन महक जाए होने से जिसके, तुम्हारे बाग का सुगंधित पुष्प मैं प्यारा हो जाऊँ
तुम मेरी हर सोच में झलको, मैं अल्फाज़ तुम्हारा हो जाऊँ
मुझे तुमसे मिलाकर हो पूरा, मैं वो ख्व़ाब हमारा हो जाऊँ
- अनामिका'अनु'

