बाकी तो ठीक ठाक है बस और कुछ नहीं

दिल इश्क़ में हलाक है बस और कुछ नहीं


पूछा अगर ख़ुदा ने की कैसी है क़ायनात

कह दूंगा ख़ौफ़नाक है बस और कुछ नहीं


जैसे हवा है रिज़्क़ है वैसे तुम्हारी याद

इस जिस्म की खुराक है बस और कुछ नहीं


ऐ दास्तान गो तू मसीसा न कह हमें

दामन हमारा पाक है बस और कुछ नहीं


यानी तमाम उम्र मुझे जिसपे नाज़ था

पुतला-ए-आब-ओ-ख़ाक है बस और कुछ नहीं


छलनी है सारा जिस्म मगर पूछने पे मैं

कहता हूँ ठीक ठाक है बस और कुछ नहीं


अमूल्य मिश्रा/Amulya Mishra