कभी किसी को फूल मत दिया करो ।
जब तुम सोचते हो ऐसा न,
तुम कारण बनते हो उसके मर जाने के।
तुम तोड़ उसको,अलग करते हो उसकी रगों से।
और जो रक्त बहता है न, उस पल
तुम कभी देख नहीं पाओगे,
और फूलों से निकल पड़ते हैं,जो आंसू!
वो तुम्हें कभी दिखेंगे नहीं।
क्यों?
क्यूंकि फूल जब कली होता है,
तो उसे त्याग और समर्पण की सीख दी जाती है।
कैसे बागों को सुंदर बनाना है।
कैसे सब के लिए लहराना है।
सबके जीवन में अपनी खुशबू बिखराना है।
और जब कोई तोड़ कर सौंपे तुम्हें ,
उसके आशियाने से उफ्फ भी नहीं करना है।
अब तुम पूछोगे, कैसे जानती हो फूलों को इतना तुम?
मैं बतला दूं तुम्हें,
बेटियों और फूलों का जीवन एक सा ही तो है।
कभी तुम भी सोचना इस पर,
और मत देना किसी को फूल भेंट में।
