मनुष्य सा दिखने के लिए

हम काटते हैं

बढ़ते ‌नाखून और बालों को

जो काटते नहीं तो

कम से कम कांट-छांट कर

क़रीने से सजा कर रखते हैं

और साज-सज्जा के लिए

इस्तेमाल में लाए जाते हैं

न जाने कितने ही 

सौंदर्य प्रसाधन

महकने के लिए इत्र

मनुष्य दिखने भर के लिए

हम पहनते हैं स्त्री किए

हुए कपड़े

और ढूंढते हैं कहीं सिलवटें तो न‌ रह गई

जबकि मन में न‌ जाने 

कितनी ही सिलवटें बनती और बनती चली जा रहीं हैं

यहां तक की हम जूते और चप्पलों की

धूल झाड़ते रहते हैं

पर आंखें जो देखकर सबकुछ

 खुद को धुंधला बतलाती हैं

उनकी धूल कैसे निकलेगी

सब कहने ‌को तो मनुष्यता का चोला चढ़ाएं हैं

साज और श्रृंगार कर खुद को सजाएं हैं

पर ये केंचुल भी कभी साथ तो छोड़ेगी

जब ये अपना मुख सत्य की ओर मोड़ेंगी

और तुम जान जाओगे कि

मनुष्य के सभ्य होने का प्रमाण

 बाहरी आवरणों से नहीं है

अपितु आंतरिक निरीक्षण से है