हां मैंने चूड़ियां पहन रखी हैं

रंग-बिरंगी, कुछ सतरंगी

जब जाती हूं मैं ,

चूड़ियों के बाजार में।

तो चमक बढ़ जाती है,

मेरी आंखों की।

और लगता खरीद लूं!सारी,

ये चूड़ियां कई लाखों की।

और रख दूं मेरे कमरे में,

आईने के इर्द-गिर्द।

और जब भी ,

रूबरू हूं मैं आईने से,

तो ये चूड़ियां हौले से पूछे,

आज किस रंग की पहनोगी।

बोलो न ,कौन से रंग की ओढ़नी ओढ़ोगी।

और मैं उछलते- कूदते निकाल लूंगी ,

मेरी सतरंगी ओढ़नी।

और हाथों में सतरंगी चूड़ियां।

माथे पर छोटी सी बिंदिया।

पर, इन चूड़ियों के बाजार के आगे,

एक अलग ही सी दुनिया है।

 मोहल्ले में हुई एक लड़ाई में 

 दो आदमी बोल रहे थे ,एक दूसरे से ,

मैंने भी चूड़ियां थोड़े ही पहन रखी है।

मैं ठिठकी ,थोड़ी सी।

और फिर उठाई अपनी, दोनों चूड़ी भरी कलाईयां।

और जो मधुर संगीत निकला,

मेरा मन थोड़ा पिघला।   

 और मैं हंसने लगी ,उन मूर्खों पर ।

की तुम मर्द बस एक दूसरे को, इन

चूड़ियों का ताना मारते रहना।

मैं इन चूड़ियों की खनकती आवाज को सुनकर, 

चांद तक का रास्ता नाप लूंगी।

तुम केवल चूड़ियों को कमजोरी ही समझो,

पर मेरे लिए ये चूड़ियां ही सौरमंडल है।

जिन्हें मैं अक्सर अपने हाथों में सजा लेती हूं।

और कहती हूं हां मैंने

चूड़ियां पहन रखी हैं ।

तुम तो, इसे पहनने की हिम्मत भी न करना।

नहीं तो चटक कर, लहूलुहान भी कर देती हैं।

ये रंग बिरंगी चूड़ियां।