भाग जाओ, लड़कियों,
कहीं दूर, इतनी दूर,
जहां कोई ,
तुम्हें न बांध पाये ,
किसी बंधन में।
तोड़ दो , तोड़ दो हर दीवार लड़कियों,
कोई कैद न कर पाए,
तुम्हें पिंजरे में।
किसी बंधन में ,बंधने से पहले,
किसी पिंजरे में, घिरने से पहले,
तुम बचा लो खुद को,
हर रिश्ते से,जो तुम्हें रिश्ते की दुहाई देते हैं।
क्योंकि इनके अनुसार,
तुम लड़कियों की न आत्मा होती है, न आत्मसम्मान तुम केवल,
ये तमगा ढोती रह जाओगी आजीवन,
कि लड़की घर की इज्ज़त है,
उससे घर की मर्यादा है,
पर याद रखो,याद रखो,
ऐ लड़कियों,
इतिहास गवाह है,
अपना साम्राज्य बचाने को,
या कभी बढ़ाने को,
सौंपी गई है लड़कियां,
एक पुरुष द्वारा, पर पुरुष को।
तुम आग लगा दो, ख़ाक बना दो ऐसी मर्यादा को।
जो तुम्हारी कभी थी ही नहीं, तुम्हें धोखे में रखा गया है।
और तप कर निकलो, गर्म लोहा बन।
सोना बनके नहीं ,जिसे फिर आभूषण सा ढाल दिया जाए।
जो दूजे की देह में लद, उसकी शोभा बढ़ाए।
