दिल की बात ना पूछो
हम तो जां दांव लगाये थे
सारे मंज़र देख तुम्हारे
शहर में आये थे
लौटते वक्त जाना हमने
मौसमों की सौगातें फिर नहीं आयीं।
तुम्हारी याद जिनमें थी
वो रातें फिर नहीं आयीं।।
फिक्र की इबारतों में
तरह-तरह की राहतों में
भूल जाते हम जो दुनिया
मुलाक़ातें फिर नहीं आयीं।
तुम्हारी याद जिनमें थी
वो रातें फिर नहीं आयीं।।
खूबसूरत लफ्ज़ तुम्हारे
मरहम बन जाते
बिखरे मन दोबारा
तुम और हम बन जाते
चुपके-चुपके करते थे कभी जो
बातें फिर नहीं आयीं।
तुम्हारी याद जिनमें थी
वो रातें फिर नहीं आयीं।।
-अमृतांश पाठक

