आंखों में नई हो सौगातें,
ये ज़मीं भी आसमानी हो।
देखें ये मंज़र नये-नये
वही आंखें पुरानी हो ।।
अक्सर ज़माने की
बातों की
और मेरे ज़बाबों की,
ये ख्याल जो छूटे
तो
शुरू फिर नई कहानी हो।।

कभी ख़्यालों में
मेरे
वो मंज़र भी छूट जाते हैं।
सुना था
नदियां गिरतीं हैं समंदर में
और यहां
समंदर ही डूब जाते हैं।।
हिफाज़त में रहूं मैं
कब तक
ख़्वाब ये जैसे
दो पल की निशानी हो।
क्या एक-एक बार
ये ज़िन्दगी की घड़ियां
हमें अब दोहरानी हो।।

वो मुझमें लौट आया है
मेरे न भूल पाने से,
मन ही मन फिक्र करने से
मन में याद लाने से,
हम मिलकर कभी
साथ गुज़ारें कुछ जो वक्त
ये नई ख्वाहिश ज़तानी हो।
खुद के पास जाने की
राहें सभी पुरानी-
नई आज़मानी हो।।

निग़ाहों के हों
नज़राने
न ही कोई
मनाही हो,
जीने की
एक-एक ख्वाहिश पर
बस तुम्हारी
गवाही हो,
बेवजह मुस्कुराने की
वो आदत
साथ लानी हो।
जिसकी याद
उम्र भर साथ रहे,
वो शामें
हमें फिर बितानी हो।।
-अमृतांश पाठक