कल उजाला था तो साथ चला था काफिला,
आज कैसी रात आयी है कि साथ जुगनू भी नहीं।
शाम होते सजदों में जलती थीं बातियां,
आज ऐसा क्या हुआ है कि इक आरजू भी नहीं।
बिखर-बिखर के मैं, यूं ही संवरता रहा,
आज हद से बिखर गया तो किसी ने समेटा भी नहीं ।
किस बाजार जाऊं रखने , गिरवी ये खामोशी,
अमीरों का दौर है साहब, किसी को जरूरत ही नहीं।
बड़ी शिद्दतों से टूटे हैं आज , मन्नतों के धागे,
बेरहम तू खुदा भी बन के आ, जब तेरी जुस्तजू ही नहीं।
बहारों में खिलेंगे कभी उजड़े चमन ये मेरे,
उस रोज बताऊंगा काफिर , मैं मरा तक नहीं।
- अमृता राय

