रार नहीं पालूंगा 

(श्री अटल बिहारी से क्षमा याचना सहित )


जीतने की लत बहुत बुरी है अब हार जाने का मन करता है 

अकेला रहने की आदत बुरी है अब साथ निभाने का मन करता है


स्टीयरिंग पर बैठे बैठे बी पी बढ़ गया 

अब पिछली सीट पर बैठ जाने का मन करता है. 


जीता तो किससे जीता और क्या ऐसा है जो हार जाऊंगा 

कुछ दोस्त साथ हुआ करते थे शायद उन्हें फिर पा जाऊँगा 


इस हार जीत के जद्दो जहद में मेरी कविता पीछे छूट गयी 

खिड़की से दिखने वाले तोता मैना और गौरैया पीछे छूट गयी


वो लड़का जो घिसट घिसट कर खड़ा हो जाता था 

उसकी हिम्मत भरी कोशिश दिखनी छूट गयी 


कुछ छोटी छोटी बातें थी जो दिल को संभाले रहती थीं 

उस दिल को ज़िंदा रखने की आदत छूट गयी


जीतने की लत बहुत बुरी है अब हार जाने का मन करता है