आज फिर टिप टिप बरसा पानी
पर शायरी याद नहीं आई
ना जाने क्यों आज ऐसा लगा जैसे
किसी गरीब गृहिणी के आटे में पानी ज़्यादा गिर गया हो
या किसी बच्चे की नाक बह रही है और उसकी बीमार माँ उठ कर साफ़ नहीं कर पा रही है
या कुछ उदास बच्चे फुटपाथ पर तिरंगे लेकर खड़े है
लेकिन कोई कार का शीशा खोल कर
झंडा नहीं ख़रीदता है
तो फिर ये 'घर घर तिरंगा' वाले झंडे किस ठेकेदार के हैं
कल पता नहीं ये फुटपाथ रहें ना रहें
सुना है
कुछ ठेकेदारों की
नज़रें उन पर टेढ़ी हो रही हैं।
