आम कैसे भी खाओ काटकर या दबाकर
या फिर जमकर चूसकर,
लेकिन बताओ इसके बारे में हंसकर,
कटाक्ष कर, आत्मगर्वित होकर,
गर कहीं अभिनय हुआ हो तो,
उस पर अतिरिक्त अभिनय कर,
तुम्हारा है प्राइम टाइम, जो कहते हो तुम
मान लेते हैं हम,
लेकिन ज़ुबां पर सच का दावा
दिखता है खोखला,
जब सत्ता की नली से निकली
सनसनाती झूठ धंस जाती है
सीने में, निकल जाता है दम
तब किसी की उम्मीदों के रिसते
लहू के बीच तुम हौले से मुस्कुराते हो,
मानो उन सबको तुम गरियाते हो
जो इस दर्प के ताबेदार नहीं हैं,
और तुम्हारे अपने चुनाव के हिस्सेदार
नहीं हैं
~ हिमवान

