मेरी चाहत, मेरी राहत, मेरे ज़ज़्बात में तुम हो
मेरी धड़कन की बेचैनी, मेरे हालात में तुम हो
तुम्हीं खुश़बू, तुम्हीं सावन, मेरी बरसात में तुम हो
तुम्हीं सांसों की मदहोशी, तुम्हीं बातों की खामोशी
तुम्हीं अंदाज हो मेरा, मेरी आवाज़ में तुम हो
तुम्हीं नींदों के ख्वाबों में, तुम्हीं साहिल सराब़ों में
तुम्हीं ठहरी फ़िज़ाओं में, तुम्हीं रंगी अदाओं में
तुम्हीं आगाज हो मेरा, मेरे अंज़ाम में तुम हो
तुम्हीं भौंरों की सरगम में, तुम्हीं किरणों की पलझन में
तुम्हीं बहकी बहारों में, तुम्हीं ओझल नज़ारों में
तुम्हीं हो आईना मेरा, मेरी तस्वीर में तुम हो
तुम्हीं तितली के रंगों में, तुम्हीं कदमों के संगों में
तुम्हीं नदियों के कल कल में, तुम्हीं जीवन के पल पल में
तुम्हीं यादों में अब मेरी, मेरी फ़रियाद में तुम हो...
