कुछ रंग धरा की तासीरें, कुछ रंग आसमां वालों पर
कुछ रंग हमारी मुठ्ठी में, कुछ रंग तुम्हारे गालों पर
कुछ रंग फ़िजा की तस्वीरें, कुछ रंग घटा के बालों पर
कुछ रंग हमारे पतझड़ से, कुछ हरियाली की डालों पर
कुछ अश्कों को हमने रूलाया है, कुछ दिलों को हमने दुखाया है
कुछ को ठोकर हमने मारी, कुछ ने हमको भी गिराया है
कुछ रिश्ते अब तक साथ मेरे, कुछ हमराहों का साया है
आज होलिका दहन में हमने, सारे शिकवों को जलाया है
जो रिश्ते बिखरे-बिछड़े हैं, उनको हमें मनाना है
आज दुआओं और माफ़ी का संगम हमें सजाना है
प्यार और सम्मान हमें, दुनिया को सिखलाना है
होली में रंगकर, सबको फिर से, हमको गले लगाना है