सिर्फ 15 अगस्त और 26 जनवरी को ही तिरंगा याद ना आये ,

देशभक्ति का पर्व कुछ इस तरह भी मनाया जाए


निज स्वार्थ के आगे आज सब ज्ञान-तर्क लाचार हुआ है,

सच्चाई से अधिक आज सिक्कों की खनक का भार हुआ है,

लालच ईश्र्या ही क्यों हमसे नाता जोड़ रहीं है,

इंसान तो ज़िन्दा हैं पर इंसानियत दम तोड़ रही है

कभी-कभी अपने भीतर के ईमान  को भी जगाया जाए ,

देशभक्ति का  पर्व कुछ इस तरह भी मनाया जाए


शबरी के जूठे बेर खा के राम ने कुछ सिखलाया है ,

सुदामा की मित्रता पर तो कृष्ण ने तीनो लोक न्योछारा है,

तक्षिला-नालंदा वेदों पुराण की जन्म-भूमि यह,

बुद्ध, महावीर, गुरु नानक, तुलसी, कबीर की कर्म -भूमि यह

जाति-धर्म के नाम पर रक्त किसी का ना बहाया जाए ,

देशभक्ति का  पर्व कुछ इस तरह भी मनाया जाए


देश प्रेम की आग में जाने कितने पतंगे बलिदान हुए,

कुछ भगत सिंह, बिस्मिल ,'आज़ाद', कुछ नेताजी सुभाष महान हुए

अथक परिश्रमों से हमने यह आज़ादी जो पायी है,

उसकी रक्षा की खातिर सपूतों ने सीमा पर अपनी जान लगायी है

उन वीरों की याद में यूँ ही कभी अश्रुओं से आंखों को भिगोया जाए,

देशभक्ति का  पर्व कुछ इस तरह भी मनाया जाए


सिर्फ 15 अगस्त और 26 जनवरी को ही तिरंगा याद ना आये ,

देशभक्ति का  पर्व कुछ इस तरह भी मनाया जाए